हरदोई। मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के गाेसवा गांव में विवाहिता ने संदिग्ध हालात में शनिवार सुबह जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां विवाहिता को मृत घोषित कर दिया गया।
गोसवा गांव निवासी स्मृत कुमार त्रिवेदी कानपुर में रहकर एक निजी कंपनी में काम करते हैं। गोसवा में उनकी पत्नी मनोरमा (36) अपने चार साल के बच्चे के साथ किराए के मकान में रहती थी। पति के अनुसार, शनिवार सुबह करीब सात बजे अचानक मनोरमा को उल्टियां होने लगीं। इसके बारे में पूछने पर पत्नी ने कीटनाशक पदार्थ खाने की जानकारी दी। तबीयत बिगड़ती देख वह मनोरमा को मल्लावां सीएचसी ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के दौरान ही मनोरमा की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई तो उन्हें मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया। करीब 10:20 बजे वह मेडिकल कॉलेज पहुंचे। इमरजेंसी में चिकित्सकों ने जांच की तब तक उनकी पत्नी की मौत हो चुकी थी।
मल्लावां के श्यामपुर में रहने वाले महिला के चचेरे भाई शुभम ने बताया कि उन लोगों काे पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई जब सीएचसी से रेफर किया गया तब 08:26 बजे सूचना दी गई। सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं की गई है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।