संडीला। बांगरमऊ मार्ग पर समदखेड़ा गांव के पास कंटेनर ने बाइक सवार दंपती को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि युवक को मामूली चोट आई है। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे और चालक को हिरासत में ले लिया है।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के ढकवा गांव निवासी बबलू (35) शनिवार को बाइक से अपनी पत्नी रीता (30) और तीन वर्षीय पुत्री मानवी के साथ लखनऊ जा रहे थे। बबलू ने बताया कि उनकी पुत्री मानवी का लखनऊ के एक निजी चिकित्सक के यहां चल रहा था। उसी की दवा लेने बाइक से जा रहे थे।
इस दौरान संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर समदखेड़ा गांव के पास पीछे से आ रहे कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे पत्नी रीता और मानवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वह घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ने कंटेनर समेत भागने का प्रयास किया। पुलिस ने कंटेनर को बरामद कर लिया है। चालक को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना पर परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। बबलू ने बताया कि उसके दो पुत्री और एक पुत्र में मानवी तीसरे नंबर की पुत्री थी। कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।