हरदोई। बीमार रिश्तेदार को देखने जा रहीं देवरानी-जेठानी को तेज रफ्तार बोलेरो ने सोमवार देर शाम टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं को सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां से जेठानी को सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। यहां उनकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक बोलेरो लेकर फरार हो गया।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के शिवलालपुरवा निवासी शेखर की मौसी का घर कछौना कोतवाली क्षेत्र के भिरीघाट में है। शेखर की मौसी इन दिनों बीमार चल रही हैं। उनकी पत्नी शिवरानी (55) उन्हें देखने के लिए अपनी देवरानी शिवदेवी (45) के साथ भीरी घाट गई थीं। लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीरी घाट गांव के बाहर रोडवेज बस से उतरकर सड़क किनारे देवरानी-जेठानी खड़ी थीं। इसी दौरान लखनऊ की ओर से आई बोलेरो ने शिवरानी और शिवदेवी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से देवरानी जेठानी घायल हो गईं। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों को कछौना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद शिवरानी की हालत गंभीर बताते हुए सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। यहां चिकित्सक ने शिवरानी को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची देहात कोतवाली की पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि घटना कछौना कोतवाली क्षेत्र में हुई है। रिपोर्ट वहीं दर्ज की जाएगी। कछौना कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि परिजनों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज होगी।