हरदोई। रहस्य, रोमांच और सनसनी से भरे जादू के कारनामों का मजा शहर के लोग ले सकेंगे। बाबा विश्वनाथ मंदिर के सामने स्थिति सिनेमा घर में शनिवार से जादू के कारनामे दिखाए जाएंगे। इलाहाबाद के जादूगर राजीव भार्गव ने अपने कारनामों के बारे में पत्रकारों को शुक्रवार को बताया।
उन्होंने बताया कि रहस्य व रोमांच से भरपूर जादू के कारनामे लोगों को दांतों तले अंगुली दबाने पर मजबूर कर देंगे। उद्घाटन पर शनिवार को शहर में आंखों पर काली पट्टी बांध बाइक रैली निकाली जाएगी। भार्गव ने बताया कि वह बीते 25 वर्षों से जादू का प्रदर्शन 21 स्थानों पर व विदेश में कर चुके हैं। भार्गव के जादू के कारनामे का शुभारंभ एएसपी राजेश शंकर द्वारा किया जाएगा। कहा कि वैसे तो रोजाना एक बजे व सात बजे दो शो होंगे, पर मंगलवार व रविवार को तीसरा शो दिन में चार बजे से भी होगा। कहा कि कारनामों में इच्छाधारी सांप के रूप बदलने, लड़की के जानवर बनने, छह फुट के आदमी को ठोक ठोक कर दो फुट का बनाने, हजारों साल पुरानी ममी को जीवित करने समेत कई कारनामे दिखाए जाएंगे। बताया कि उनके द्वारा एक शिक्षाप्रद जादू भी दिखाया जाएगा, जिसमें नशे के दुष्प्रभाव को बताते हुए एक दर्जन लड़के व लड़की को बोतल में गायब कर लोगों के बीच से प्रकट किया जाएगा। भ्रूूण हत्या के विरोध में छाया से काया कारनामा भी लोगों को दांतों तले अंगुली दबाने पर मजबूर कर देगा।