हरदोई। टड़ियावां के भौताकमालपुर के ग्रामीणों ने सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंच बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की डीएम से गुहार की। ग्रामीणों ने कहा कि पहले तो बंदर खाना उठा ले जाते थे और फसलों को नुकसान पहुंचा रहे थे, पर अब तो बच्चों से लेकर बूढ़ों तक को काट रहे हैं।
कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे शिवपाल, सूरज प्रसाद, सुभाष पांडे, रामकुमार आदि ने कहा कि उनके गांव में आवारा बंदरों का आतंक व्याप्त है। सभी गांववासी बंदरों के आतंक से काफी परेशान हैं। यही नहीं अब तक बंदर गांव के भूरा, संतोष, सुभाष, शैलेंद्र सहित कई बच्चों व महिलाओं को अपना शिकार बना चुके हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यह बंदर गांव के घरों में घुसकर घर की चीजों को तो तोड़ते फोड़ते ही हैं, साथ रोज कमाने खाने वाले घरों में घुसकर मौका पाकर उनका खाना भी उठा लाते हैं, जिससे मजदूर भूखे रह रहे है। इसके अलावा इनके झुंड खेतों में जाकर फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचाते हैं।
इससे अब गांव वालों के सब्र का पैमाना छलकने लगा है और गांववासी इनसे पूरी तरह से निजात चाहते हैं। इस दौरान ग्रामीणों ने एक ज्ञापन जिलाधिकारी रमेश मिश्र को सौंपकर बंदरों की धरपकड़ गांव से कराए जाने को लेकर वन विभाग को निर्देशित कराए जाने की मांग की है। इस मौके पर विनय कुमार, सूरत प्रसाद, शिव प्रसाद, अनिल, प्रेम कुमार, लालाराम, गुड्डू तिवारी, शिव कुमार, अभिमन्यु, राकेश कुमार, उमाकांत मिश्रा, सोनू शर्मा, गुल्ली, सूरज और महेंद्र आदि मौजूद थे।