हरदोई। बुधवार को दोपहर बाद अचानक हुई बारिश से शहर में कई स्थानों पर छई छपा छई हुई तो पारा लुढ़क गया। तापमान में गिरावट आने से सर्दी बढ़ गई और दिन के समय में ही कड़ाके की ठंड से कंपकंपा गए।
बुधवार को दोपहर बाद अचानक देखते ही देखते पानी बरसने के साथ ही दिन के समय में ही अंधेरा छा गया। काले घुमड़ते बादल ठंड को बढ़ाने के साथ ही झमाझम बारिश होने का संकेत दे रहे थे मगर शहर में कुछ देर तक हल्की बारिश होने के बाद थम गई तो लोगाें ने राहत की संास ली। मगर कुछ देर बाद शुरू हुई रिमझिम बारिश लगातार जारी रही। देर शाम तक करीब 7 मिमी बरसात हो चुकी है और दोपहर के समय 13.0 डिग्री सेल्सियस रहा तापमान बारिश के बाद 10.0 डिग्री पर आ गया। रात में तापमान में और गिरावट के संकेत मिल रहे हैं। बारिश के दौरान लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और तमाम लोग छाता लेकर जरूरी कार्यों से निकले जब कि बहुत से लोगों को भींगना पड़ा। जिले के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। दिन के समय तापमान के स्तर में तीन डिग्री की कमी आई।
बताते चलें कि बुधवार सुबह के समय बादल छाए रहे और दोपहर में धूप खिल गई। कुछ समय बाद अचानक बारिश शुरू हो गई। इस दौरान आसमान में छाए काले घने बादलों से दिन में ही अंधेरा हो गया और इससे लोगों के आवागमन पर खासा असर पड़ा। मौसम वेधशाला के प्रभारी जयशंकर मिश्र ने बताया कि बारिश होने से आज दिन में तीन डिग्री पारा लुढ़क गया। तापमान का अधिकतम स्तर 13.0 तथा न्यूनतम 10.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
गेहूं के लिए सोना तो आलू के लिए नुकसान
हरदोई। इस बारिश के बारे में कृषि वैज्ञानिक डा. अनिल कुमार ने कहा कि गेहूं की फसल के लिए सोना बरसा है तो आलू आदि को इससे नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि इस बार जिले में गेहूं का अच्छा उत्पादन होने की उम्मीद है।