हरदोई। अहिरोरी के पालपुर बैरागीखेड़ा निवासी महिला ने गांव के पूर्व प्रधान के प्रतिनिधि पर इंदिरा आवास के लिए आई धनराशि को हड़पने का आरोप लगाया है। महिला ने सीडीओ को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कर दोषी पर कार्रवाई की मांग की।
गरीबों के लिए आवंटित आवासों की धनराशि भी कुछ लोग नहीं छोड़ते हैं। ऐसा ही मामला अहिरोरी के पालपुर बैरागीखेड़ा में प्रकाश में आया। जिसमें एक महिला को आवंटित इंदिरा आवास की धनराशि सामग्री खरीदवाने के नाम पर हड़प ली गई। गांव की महिला सुखरानी ने बताया कि इंदिरा आवास योजना के अंतर्गत आर्यावर्त ग्रामीण बैंक में 33 हजार रुपये की किश्त दी गई। बताया कि उनके गांव के प्रधान की मौत होने के बाद उनके प्रतिनिधि के रूप में एक व्यक्ति ने कार्यभार देखा। ऐसे में किश्त आने पर पूर्व प्रधान प्रतिनिधि ने बैंक से पैसा निकाल कर सामग्री खरीद कर देने का आश्वासन दिया।
बताया कि वह निरक्षर है और पति भी मानसिक रोगी है, ऐसे में प्रतिनिधि के कहने पर उन्होंने 33 हजार रुपये निकाल कर दे दिए, पर इसके बाद से उन्होंने न तो सामग्री खरीद कर दी और न ही कोई काम कराया। वहीं जब उनसे पैसे मांगने जाओ तो वह गाली गलौज करते हैं और मारपीट भी की है। महिला ने सीडीओ को पत्र देकर मामले की जांच कराने और दोषी के विरुद्ध धोखाधड़ी की कार्रवाई की मांग की।