लखनऊ चुंगी पर बुलट बाइकों में ध्वनि प्रदूषण की जांच करते एआरटीओ प्रवर्तन दयाशंकर व प्रदूषण नियं?
- फोटो : HARDOI
हरदोई। कंपनी से बुलेट में लगकर आया साइलेंसर हटवाकर उसमें मोडिफाइड साइलेंसर लगवाकर ध्वनि प्रदूषण करने वाले बाइक सवार मंगलवार को कार्रवाई की जद में आ गए। एआरटीओ प्रवर्तन व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों द्वारा शहर में चलाए गए अभियान के दौरान ऐसी नौ बाइकें मिलने पर टीम ने वाहन चालकों पर 1 लाख 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
बाइक में मोडिफाइड साइलेंसर लगवाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ शासन ने सख्त अभियान चलाए जाने का आदेश दिया है। इसको लेकर मंगलवार से संभागीय परिवहन विभाग व उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने तीन दिवसीय संयुक्त अभियान शुरू कर दिया है।
मंगलवार को पहले दिन एआरटीओ प्रर्वतन दयाशंकर व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सुशील शुक्ला ने लखनऊ चुंगी पर बुलेट की जांच की। जांच के दौरान टीम ने कुल 18 बुलेट की जांच की।
इस दौरान नौ बुलेट में ध्वनि 80 डेसिबल (ध्वनि मापने का पैमाना) से अधिक पाई गई। जिस पर एआरटीओ ने 15 हजार रुपये प्रति बाइक के हिसाब से नौ बाइकों पर 1 लाख 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। एआरटीओ दयाशंकर ने बताया कि अभियान दो दिसंबर तक जारी रहेगा।