हरदोई। घरों और सार्वजनिक स्थानों से निकलने वाले गंदे पानी को साफ करने वाला इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) पांच साल बाद भी उद्देश्यों से दूर है। ईटीपी लगने के बाद भी न तो आंबेडकर पार्क के पीछे का तालाब पानी से भरा है और न ही गंदा पानी साफ हो रहा है।
नगर पालिका की तरफ से गंदे पानी को साफ और तालाब में पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डॉ. आंबेडकर पार्क के पीछे तालाब को भरे जाने के लिए करीब 76 लाख से अधिक रुपये से ईटीपी की स्थापना कराई गई। प्रशासन की मंजूरी के बाद नगर पालिका ने साल 2020 में ईटीपी की स्थापना कराई और ट्रॉयल के बाद प्रधान डाकघर के पीछे से निकले नाले को ईटीपी से जोड़ा गया ताकि नाले में आने वाले गंदे पानी को साफ कर तालाब में भरा जा सके।
तालाब पानी से कभी लबालब नहीं भरा जा सका, कारण है कि न तो नाले में पर्याप्त पानी आता है और न ही इसके लिए जिम्मेदारों ने कोई प्रयास किया। तालाब में पानी ईटीपी से ही जा रहा है फिर भी तालाब में काई (पानी पर जमने वाली परत) बड़ी मात्रा में जमी हुई है। ईटीपी वर्तमान में क्रियाशील बताया गया है लेकिन प्रतिदिन की क्षमता के अनुसार पानी को साफ नहीं किया जा पा रहा है।
-
डॉ. आंबेडकर पार्क के पास तालाब पर गंदे पानी को साफ किए जाने के लिए साल 2020 में ईटीपी स्थापित कराया गया था। वर्तमान में क्रियाशील है लेकिन पर्याप्त पानी न मिलने से क्षमता से कम मात्रा में पानी साफ हो पा रहा है जिससे तालाब को पूरा नहीं भरा जा पा रहा है। -रामेंद्र सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका