फोटो 18: नंदना और चंद्रमपुर के मध्य रामगंगा नदी पर बनवाया जा रहा पांटूनपुल। संवाद
हरदोई। रामगंगा नदी पर नंदना और चंद्रमपुर के मध्य पांटून पुल और शाहाबाद-बेझाबसतनगर-आगमपुर-सुल्तानपुर धानीनगला मार्ग पर निर्माणाधीन पुल जल्द पूरे होने की उम्मीद है। शासन ने दोनों निर्माणाधीन पुलों पर काम कराने के लिए दूसरी किस्त में 65 लाख रुपये दे दिए हैं। इन पुलों के बन जाने से लोगों को आवागमन में आसानी होगी।
पांटून पुल बन जाने से लगभग 20 हजार से अधिक आबादी को आवागमन में आसानी हो जाएगी। वहीं लोगों को रामगंगा नदी नाव से पार नहीं करनी होगी और आवागमन करने में चक्कर नहीं लगाने होंगे। नंदना और चंद्रमपुर के मध्य पांटून पुल बन जाने से लोगों को रामगंगा नदी के चियासरपुर घाट पर सीधे पहुंचने में आसानी रहेगी। दहेलिया, चियासरपुर घाट, चंद्रमपुर, अदनिया, पतारपुरवा, अवस्थीपुरवा, श्रीमऊ समेत करीब 20 से अधिक गांव सड़क मार्ग से सीधे जुड़ जाएंगे। इससे सहूलियत हो जाएगी।
शासन ने पांटून पुल बनवाए जाने के लिए 81.47 लाख की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति के साथ ही पहली किस्त में 40.74 लाख रुपये दिए थे। काम की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड एक को सौंपी गई है। वहीं शासन ने अब दूसरी किस्त में पहुंच मार्ग आदि को बनवाए जाने के लिए 15 लाख रुपये और दे दिए हैं। इसी के साथ शासन ने शाहाबाद-बेझा बासतनगर-अनंगपुर-सुल्तानपुर धानीनगला अन्य जिला मार्ग पर तीन गुणा आठ मीटर का लघु सेतु बनवाने के लिए 3,39,71,000 रुपये की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दी थी। काम कराने के लिए लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड एक को 1,69,86,000 रुपये दिए गए थे। अब काम पूरा कराने के लिए 50,00,000 रुपये दूसरी किस्त में दे दिए हैं।
-