फोटो-04- मेडिकल कॉलेज की पैथोलॉजी के बाहर लगी मरीजों की लाइन। संवाद
हरदोई। मेडिकल कॉलेज का एचआईएमएस (हॉस्पिटल इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम) पोर्टल अचानक डाउन होने से मंगलवार को करीब दो घंटे तक मरीजों को जांच रिपोर्ट के लिए परेशान होना पड़ा। समय पर रिपोर्ट न मिलने से कई मरीजों को बिना डॉक्टर से परामर्श लिए ही लौटना पड़ा।
मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के भले ही बड़े दावें किए जाते हैं, लेकिन आए दिन कोई न कोई समस्या मरीज और तीमारदारों के लिए परेशानी का सबब बनी रहती है। मंगलवार को भी मरीज और तीमारदारों को रक्त नमूनों की जांच के लिए काफी परेशान होना पड़ा। सुबह करीब 10 बजे जब ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ थी, तभी अचानक एचआईएमएस पोर्टल ने काम करना बंद कर दिया। ऐसे में पैथोलॉजी के बाहर रिपोर्ट लेने के लिए लंबी कतारें लग गईं। सर्वर डाउन होने की वजह से कंप्यूटरों पर डेटा शो नहीं हो रहा था, जिसके चलते स्वास्थ्य कर्मी रिपोर्ट प्रिंट करने में असमर्थ रहे। दूर-दराज से आए तीमारदार हाथों में पर्चे लिए कभी काउंटर तो कभी डॉक्टर के कक्ष के चक्कर काटते नजर आए। करीब दो घंटे बाद 12 बजे पोर्टल ने काम करना शुरू किया, इसके बाद ही लोगों को जांच रिपोर्ट मिलीं। चूंकि, महिला और पुरुषों की अलग अलग लंबी लाइन होने की वजह रिपोर्ट मिलने तक ओपीडी का समय समाप्त हो गया और वह बिना डॉक्टर को दिखाए वापस लौट गए।
बाहरी दुकानों पर प्रिंट कराते नजर आए कई
मेडिकल कॉलेज की तरफ से मरीज के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर जांच रिपोर्ट का एक लिंक भी भेजा जाता है। सर्वर डाउन होने की वजह से तमाम मरीजों के तीमारदार बाहर फोटो काॅपी-प्रिंटर की दुकान पर जांच रिपोर्ट प्रिंट कराते नजर आए। मोमिनाबाद निवासी हुसैन अंसारी ने बताया कि काफी लंबी लाइन लगी है। रिपोर्ट मिलने में काफी समय लगेगा। तब तक डॉक्टर भी चले जाएंगे। इस लिए दुकान से रिपोर्ट प्रिंट करवा लाए।
समस्या सर्वर की तकनीकी गड़बड़ी के कारण उत्पन्न हुई। आईटी टीम को सूचित करने के बाद दोपहर बाद पोर्टल फिर सुचारू हो सका। भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए बैकअप सर्वर की व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। -डॉ. जेबी गोगोई, प्रधानाचार्य