अमर उजाला ब्यूरो
कछौना। थाना क्षेत्र के लखनऊ-हरदोई मार्ग पर शनिवार सुबह करीब 5 बजे रैंसो-कटियामऊ मोड़ के पास तेज रफ्तार लोडर बेकाबू होकर खाई में पलट गया। हादसे में एक की मौत हो गई और 13 लोग घायल हो गए। मृतक शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सराय थोक का निवासी था।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सराय थोक निवासी संतराम गुप्ता (55) आम का व्यवसायी था। शनिवार सुबह करीब चार बजे वह लोडर से रहिमाबाद मंडी आम की खरीदारी के लिए निकला था। उसके साथ लोडर पर मोहल्ला बाबा मंदिर निवासी आम व्यवसाई रवी गुप्ता (22), छोटे (40), सोनू (25), सत्य कुमार (40), ओमकार (30), विशाल कश्यप (28), मोनू (22) समेत 13 लोग गए थे। करीब पांच बजे कछौना थाना क्षेत्र में हरदोई-लखनऊ रोड पर रैंसो-कटियामऊ मोड़ के पास तेज रफ्तार लोडर बेकाबू होकर खाई में पलट गया। हादसे में संतराम समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि पांच लोगों को मामूली चोटें आई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। हादसे में संतराम के सिर में गंभीर चोटें आई थी। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि रवी, छोटे, सोनू, सत्य कुमार, ओमकार, विशाल और मोनू की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी होने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। एसओ नजमुल हसन नकवी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। इस संबंध में उन्हें परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।
उधर, इसी थाना क्षेत्र में कुक ही गाजू रोड पर सवारियों से भरे टेंपो को तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो पर सवार नरेंद्र (22) निवासी टिकारी, चालक लुकसन (25), सचिन (20) निवासी आटसाट, सपना (18), लल्लन (35) घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बोलेरो समेत भाग निकाला। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर नरेंद्र की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी होने पर परिजन अस्पताल पहुंचे।
- बेकाबू लोडर खाई में पलटा, एक की मौत, 13 घायल
- कछौना थाना क्षेत्र में हरदोई-लखनऊ रोड पर रैंसो के पास हुआ हादसा
- शहर कोतवाली क्षेत्र के सरांय थोक का निवासी था हादसे में मरा अधेड़
फोटो संख्या-9 से 14, जिला अस्पताल में भर्ती लोडर पलटने से घायल लोग