हरदोई। कछौना कोतवाली क्षेत्र में एक माह पहले निर्माणाधीन पेट्रोल पंप पर हुई डकैती के मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर लूटे गए आठ मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये की पांच क्विंटल सरिया बरामद हुई है। सभी को जेल भेज दिया गया है।
हरदोई-लखनऊ मार्ग पर कछौना कोतवाली क्षेत्र के हरदासपुर के निकट ग्राम जरहा निवासी नौशाद का पेट्रोल पंप निर्माणाधीन है। 15 अक्टूबर की रात पेट्रोल पंप के चौकीदार खरगी पुत्र तिन्नी निवासी हरदासपुर को बांधकर लूटपाट की गई थी। नौशाद ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि घटना बंधक बनाकर लूट किए जाने की थी, लेकिन छह लोगों द्वारा घटना किए जाने की जानकारी पर इसे डकैती में तरमीम कर दिया गया था।
शनिवार को मुखबिर की सूचना पर कछौना कोतवाल अमरजीत सिंह और उनकी टीम ने हरदोई लखनऊ मार्ग पर फैक्टरी एरिया के निकट से हसीब पुत्र सूबेदार निवासी मलैया कोतवाली संडीला, सलीम पुत्र रहीम निवासी चिरकहटी, इरफान पुत्र बशीर और फुरकान पुत्र जद्दा निवासीगण कछौना, दलिशाद पुत्र इसरार निवासी बहादुरखेड़ा कोतवाली संडीला और सुफियान पुत्र उस्मान निवासी झब्बारखेड़ा कोतवाली बेनीगंज को पकड़ लिया। इनके कब्जे से दो सोलर प्लेट भी मिली हैं।