फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hardoi News: 57.4 मिमी बारिश ने गर्मी से दी राहत, जलभराव और बिजली की आपूर्ति ठप होने से आफत

विज्ञापन
विज्ञापन
हरदोई। बीते 24 घंटे के दौरान झमाझम बारिश हुई। शनिवार शाम छह से रविवार शाम छह बजे के बीच 57.4 मिमी बारिश मौसम विभाग की वेधशाला में दर्ज की गई है। बारिश के कारण उमस भरी गर्मी से काफी हद तक राहत मिली, लेकिन इस दौरान जलभराव और बिजली कटौती ने मुसीबत भी खूब की।
विज्ञापन

सावन के साथ ही बादलों के बरसने का इंतजार भी हर किसी को था। सावन का पहला दिन तो निराश कर गया, लेकिन दूसरे और तीसरे दिन झमाझम बारिश हुई। बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई। मौसम विभाग की वेधशाला के प्रेक्षक रमेश चंद्र वर्मा के मुताबिक 57.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता सुबह 97 फीसदी और शाम को 98 फीसदी रही।
20 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पूरब की हवाएं चलती रहीं। 90 फीसदी आसमान पर बादल छाए होने का दावा करते हुए उन्होंने सोमवार को भी बारिश की उम्मीद जताई। उधर, दूसरी ओर बारिश के कारण शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। शहर के नघेटा रोड पर भरे पानी में राहगीरों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा शहर स्थित लखनऊ शाहजहांपुर के प्राइवेट बस अड्डे परिसर में भी पानी भर गया। इस कारण सवारियों को सड़क पर ही बसों के आने का इंतजार करना पड़ा।
विज्ञापन



बारिश ने गुल की 72 हजार उपभोक्ताओं की बिजली
झमाझम बारिश के कारण बिजली की आपूर्ति भी ठप रही। मन्नापुरवा स्थित 220 केवी के विद्युत उपकेंद्र से निकली लाइन पर जगह-जगह पेड़ों की डाल टूटकर गिर गई। इस कारण रविवार सुबह चार बजे पूरे शहर की आपूर्ति बंद कर दी गई। सुबह साढ़े नौ बजे आपूर्ति बहाल हो पाई, लेकिन इसके बाद डीएम आवास के निकट बिजली लाइन पर पेड़ गिर जाने के कारण आपूर्ति बाधित हो गई। इसी तरह पुलिस लाइन के पास और बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के निकट भी पेड़ गिरने के कारण आपूर्ति बाधित हो गई। दोपहर में ढाई बजे से उक्त वजहों से बाधित हुई आपूर्ति शाम छह बजे बहाल हो पाई। दोपहर में ढार्ह बजे से छह बजे के बीच शहर, कोयल बाग कालोनी, मन्नापुरवा, आशानगर, महोलिया शिवपार, गुरगुज्जा, बेलाताली और सांडी रोड विद्युत उपकेंद्र बंद रहे।


पेड़ों के गिरने से यातायात बाधित
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पास पेड़ गिर जाने से शहर में यातायात बाधित हो गया। यहां काफी देर तक जाम लगा रहा। इसके अलावा हरदोई-पिहानी मार्ग पर बरगावां के पास मुख्य मार्ग पर पेड़ गिर गया। इसके चलते आवागमन बाधित हो गया। पिहानी से जहानीखेड़ा मार्ग पर भी पेड़ गिरने के कारण आवागमन कुछ देर के लिए बंद रहा। पिहानी मार्ग पर बरगावां के पास पेड़ गिरने के कारण लोगों को दूसरे मार्गाें का इस्तेमाल करना पड़ा। गांव के अंदर के मार्गाें से आवागमन के कारण यहां भी यातायात बाधित हो गया।


हरपालपुर विकास खंड के पलिया में विद्युत उपकेंद्र है। शनिवार रात हुई बारिश के कारण पलिया से रूपापुर जाने वाली 33 केवी की लाइन ब्रेकडाउन में चली गई। इस कारण पलिया विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 20 हजार उपभोक्ताओं की बिजली गुल हो गई। पलिया विद्युत उपकेंद्र के आठ फीडरों से आपूर्ति की जाती है। रविवार सुबह से बिजली कर्मी फॉल्ट ढूंढते रहे। फॉल्ट मिलने पर मरम्मत का काम भी शुरू हुआ, लेकिन शाम साढ़े पांच बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इसी तरह पिहानी-हरदोई मार्ग पर सात पेड़ उखड़कर बिजली की लाइन पर गिर गए। 33 केवीए की लाइन और 10 खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। पिहानी विद्युत उपकेंद्र की पूरी आपूर्ति खबर लिखे जाने तक ठप ही थी।


यूकेलिप्टस की डाल गिरने से ठप हुई विद्युत आपूर्ति
यूकेलिप्टस की डालें बारिश के दौरान आई आंधी के कारण 33 केवी लाइन पर गिर गईं। इस कारण पाली विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति ठप हो गई। पेड़ की डालें काटने के बाद भी मशीनों में नमी आने के कारण आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई। लगभग साढ़े 15 घंटे बाद रविवार शाम चार बजे बिजली आपूर्ति शुरू हुई। आगमपुर के 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र से पाली बिजली उपकेंद्र को बिजली मिलती है। पांच फीडरों के जरिये 21 हजार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती है। बारिश के दौरान आगमपुर के पास यूकेलिप्टस की डाल लाइन पर गिरने के कारण आपूर्ति बाधित हो गई। रविवार सुबह दस बजे डाल काटकर आपूर्ति शुरू की गई। पांच मिनट के बाद आपूर्ति फिर ठप हो गई। इसके बाद दोपहर दो बजे से साढ़े तीन बजे तक की रोस्टिंग हो गई। अवर अभियंता सुखपाल सिंह ने बताया कि बारिश के कारण कई जगह फॉल्ट आ गया था। इस कारण आपूर्ति बाधित हुई।


बिजली गिरने से मंदिर का शिखर क्षतिग्रस्त
हरियावां थाना क्षेत्र के भदेवरा गांव में ठाकुरद्वारा मंदिर है। रविवार दोपहर बारिश हो रही थी। लगभग तीन बजे बिजली गिरने से मंदिर का शिखर क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास स्थित कई मकानों में लगे विद्युत उपकरण भी फुंक गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें