हरदोई। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को जिले की आठों विधानसभा क्षेत्रों में 480 जोड़ों का विवाह कराया गया। हर जोड़े के संयुक्त बैंक खाते में 35 हजार रुपये डाले गए हैं। कंबल, पायल, बिछुआ, डिनर सेट आदि उपहार जोड़ों को दिए गए।
बिलग्राम-मल्लावां विधानसभा क्षेत्र में 87 जोड़ों का सामूहिक विवाह माधौगंज कस्बे के एक गेस्ट हाउस में कराया गया। क्षेत्रीय विधायक आशीष सिंह आशू ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं और उपहार भेंट किए। इस दौरान मनरेगा उपायुक्त प्रमोद सिंह चंद्रौल, खंड विकास अधिकारी नरोत्तम कुमार, मल्लावां के ईओ मुकेश निगम, माधौगंज के प्रकाशचंद्र गोपालन और कुरसठ की देवांशी दीक्षित मौजूद रहीं।
वहीं संडीला ब्लाक कार्यालय परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन हुआ। विधायक राजकुमार अग्रवाल, पूर्व ब्लाक प्रमुख कुंवर वीरेंद्र सिंह,ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि अमित गुप्ता ने नवविवाहित जोड़ों को उपहार भेंट किए।
गायत्री प्रज्ञा मंडल संडीला के तत्वावधान में गायत्री शक्तिपीठ आलमबाग के परिजनों ने गुरुप्रसाद गुप्ता, क्षमा गुप्ता, निष्ठा, श्यामबिहारी, एसएन सचान, अनिल तिवारी आदि ने विवाह संस्कार संपन्न कराया।
गोपामऊ विधानसभा क्षेत्र के सामूहिक विवाह हरियावां ब्लाक मुख्यालय में हुए। कुल 45 जोड़ों का विवाह कराया गया। क्षेत्रीय विधायक श्यामप्रकाश ने कहा कि ये आयोजन लोगों को दहेज रहित विवाह के लिए प्रेरणा देते हैं। सामूहिक विवाह संस्कार गायत्री शक्ति पीठ की टीम ने पूरा कराया। इस दौरान बीडीओ रचना गुप्ता, पिहानी ब्लाक प्रमुख कुशी वाजपेयी, हरियावां ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि मनिंदर सिंह, सज्जाद, रिजवान आदि मौजूद रहे।
गाजे-बाजे के साथ हुआ स्वागत
शाहाबाद। विधानसभा क्षेत्र का सामूहिक विवाह समारोह महुआटोला स्थित मैरिजलॉन में हुआ। 74 जोड़ों का विवाह और निकाह कराया गया। क्षेत्रीय विधायक रजनी तिवारी ने नवविवाहितों को आशीर्वाद दिया। गाजे-बाजे के साथ दूल्हों का स्वागत किया गया। शाहाबाद के ब्लाक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती, बीडीओ धर्मेंद्र वर्मा, शाहाबाद के ईओ संजय कुमार आदि मौजूद रहे। (संवाद)
नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया
हरपालपुर। सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र का सामूहिक विवाह समारोह हरपालपुर में आयोजित हुआ। क्षेत्रीय विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। कहा कि समाज के लिए दहेज एक अभिशाप बन चुका है। दहेज प्रथा का खत्म करने के उद्देश्य से ऐसे आयोजन शुरू किए गए हैं। इस दौरान बीडीओ हरपालपुर डॉ. संतोष वर्मा, भरखनी के बीडीओ अखिलेश प्रताप सिंह, विधायक प्रतिनिधि रजनीश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। (संवाद)
दहेज प्रथा खत्म होगी
बेनीगंज। बालामऊ विधानसभा क्षेत्र में सामूहिक विवाह का आयोजन कोथावां ब्लाक मुख्यालय में हुआ। क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा ने नवविवाहितों को उपहार भेंट किए। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह आयोजन अब सामाजिक तौर पर भी तेजी से शुरू किए जाने चाहिए। इससे दहेज प्रथा खत्म होगी। यहां कोथावां के बीडीओ पंकज यादव, कछौना के प्रमोद अग्रवाल, बेंहदर के उमेश अग्रवाल, बेनीगंज के अधिशासी अधिकारी एमपी सिंह, कछौना की रेणुका यादव भी मौजूद रहीं। (संवाद)
अनुसूचित जाति के 244 जोड़े
पिछड़ा वर्ग के 181
अल्पसंख्यक वर्ग के 46, इनमें 44 निकाह
सामान्य वर्ग के नौ जोड़ों का विवाह हुआ।