हरदोई। पंचायत राज विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के लिए गुरुवार को बुलाई गई बैठक में चार सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) नहीं पहुंचे। इसके कारण विभागीय कार्यों की समीक्षा नहीं हो सकी। इससे नाराज जिला पंचायत राज अधिकारी ने चारों एडीओ पंचायत का एक दिन का वेतन रोक दिया और स्पष्टीकरण तलब किया है।
इन दिनों पंचायत राज विभाग के अधीन कई कार्य चल रहे हैं। व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण, ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समितियों का गठन, पंचायत सहायकों की नियुक्ति के साथ ही ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर कार्य हो रहा है। गुरुवार को जिला पंचायत राज अधिकारी गिरीशचंद्र ने इन कार्यों की समीक्षा के लिए बैठक जिला मुख्यालय पर बुलाई थी। डीपीआरओ के मुताबिक बैठक में बेंहदर, हरपालपुर, मल्लावां और संडीला के एडीओ पंचायत पहुंचे ही नहीं। इसके कारण विभागीय समीक्षा हो ही नहीं पाई।
डीपीआरओ ने बताया कि पूर्व निर्धारित बैठक में न पहुंचने पर संबंधित एडीओ पंचायत का एक दिन का वेतन रोक दिया गया है। बैठक में न आने पर स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है। डीपीआरओ ने बताया कि इन चार ब्लॉकों की समीक्षा अलग से की जाएगी।