हरदोई जिले में 38 कोरोना संक्रमित और मिले हैं। इसके साथ ही कुल पॉजिटिव 4914 हो गए हैं। 4476 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव केस 356 हैं। कोरोना से अब तक 84 लोगों की मौत हुई है।
सीएमओ कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक जिला कारागार के 13 बंदी संक्रमित पाए गए हैं। जेल अधीक्षक बृजेंद्र सिंह का कहना है कि अस्थायी कारागार (अल्प वयस्क कारागार) में बंदियों को रखा जाता है। उनका कोरोना टेस्ट कराने के बाद रिपोर्ट निगेटिव आने पर स्थायी कारागार में स्थानांतरित किया जाता है।
कुल 38 बंदियों को स्थायी कारागार में भेजने से पहले गुरुवार को कोरोना की जांच कराई गई थी। रविवार को रिपोर्ट आने पर इनमें 13 लोग संक्रमित मिले हैं। अस्थायी कारागार में ही कोविड-19 का लेवल -1 अस्पताल भी जिला प्रशासन ने स्थापित किया है। सभी 13 बंदियों को इसी में भेजा गया है। अब तक कारागार के 51 लोग संक्रमित मिल चुके हैं।
जनपद में कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी होने के साथ ही रिकवरी रेट भी बेहतर होता जा रहा है। सीएमओ कार्यालय के मुताबिक कोरोना का जनपद में रिकवरी रेट 91.10 फीसदी है।
सीएमओ डॉ. सूर्यमणि त्रिपाठी ने कहा है कि जनपद में कोरोना संक्रमितों का रिकवरी रेट बेहतर होने का मतलब ये नहीं है कि लापरवाही की जाए। कोरोना से बचने के लिए मास्क का इस्तेमाल बेहद आवश्यक है। सैनिटाइजर का उपयोग जरूरी है। सीएमओ ने कहा कि बहुत जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें।