हरदोई में नुमाइश मैदान में आग लगने से जलतीं बसें। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : HARDOI
हरदोई। शहर के नुमाइश मैदान के बाहर खड़ी दो प्राइवेट बसों में बुधवार सुबह आग लग गई। इससे अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे अग्निशमन वाहन ने आग बुझाई लेकिन तब तक दोनों बसें पूरी तरह से जल गईं। चर्चा है कि एक बस की डिग्गी में हुए शार्ट सर्किट के कारण आग लगी है।
शहर के नुमाइश मैदान के एक हिस्से में बड़ी संख्या में प्राइवेट बसें खड़ी होती हैं। बुधवार सुबह भी यहां बसें खड़ी थीं।
नौ बजे पिहानी चुंगी निवासी नाहर सिंह की बस के पिछले हिस्से की तरफ से धुआं उठता देखकर प्राइवेट बस चालक राजू ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आग ने देखते ही देखते पास खड़ी अनुज अग्रवाल की बस को भी चपेट में ले लिया। राजू ने यूपी 112 पर घटना की जानकारी दी तो अग्निशमन वाहन और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। इस दौरान दो बसें पूरी तरह जल गईं, जबकि एक अन्य बस में नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार भी वहां पहुंचे और आग लगने के बारे में जानकारी ली।
फट जाते डीजल टैंक तो खतरा बढ़ता
गनीमत ये रही कि अग्निशमन वाहनों ने मौके पर पहुंचकर डीजल टैंक में आग लगने से पहले ही स्थिति नियंत्रण में कर ली। अगर आग बसों के डीजल टैंक में लग जातीं तो बड़ा धमाका होता और फिर जनहानि भी हो सकती थी। घटनास्थल के पास ही हरदोई मेला महोत्सव भी चल रहा है। सुबह नौ बजे जब घटना हुई तो मेला बंद था, लेकिन यहां बड़ी संख्या में दुकानें और पंडाल लगे हैं।