हरदोई। शाहाबाद विकास खंड की ग्राम पंचायत पेड़हाथा में मनरेगा के तहत चालू वित्तीय वर्ष में कराए गए दो विकास कार्योें में अनियमितता की पुष्टि होने पर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान और तकनीकी सहायक से रिकवरी के निर्देश जारी किए हैं। स्पष्टीकरण न देने के कारण बीडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि और आंकिक को निलंबित करने की बात भी कही है।
ग्राम पेड़हाथा के ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि राम सरन के खेत से डामर रोड तक और माया प्रकाश के खेत से सप्तऋषि के खेत तक मिट्टी भराव के कार्य में अनियमितता की गई है। डीएम पुलकित खरे ने ग्राम्य विकास अभिकरण के सहायक अभियंता राजेश सिंह से मामले की जांच कराई। उन्होंने जांच में 3,88,779 रुपये की अनियमितता की पुष्टि की। इस पर डीएम ने ग्राम प्रधान सुखवीर सिंह, तकनीकी सहायक राहुल मिश्रा, तत्कालीन सचिव रोमेश कुमार, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, आंकिक मनरेगा और बीडीओ से स्पष्टीकरण तलब किया था। ग्राम प्रधान और तकनीकी सहायक ने स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया लेकिन डीएम इससे संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने 3,88,779 रुपये की वसूली तकनीकी सहायक और प्रधान से आधी-आधी किए जाने के निर्देश दिए हैं। तत्कालीन ग्राम सचिव गया प्रसाद गौतम का स्पष्टीकरण भी डीएम ने स्वीकार नहीं किया है। मनरेगा आंकिक इमरान और बीडीओ ने स्पष्टीकरण ही नहीं भेजा। इसके चलते बीडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि देने और इमरान को निलंबित करने के निर्देश डीएम ने दिए हैं।