हरदोई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज जनपद को मेडिकल कॉलेज की सौगात देंगे। बेशक मेडिकल कॉलेज की स्थापना होने से जनपद को बड़ी राहत मिलेगी, लेकिन इसके साथ ही चिकित्सकों के अभाव को दूर करना भी बड़ी चुनौती है।
सूबे में सपा शासनकाल के दौरान तत्कालीन स्वास्थ्य राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल के प्रयासों से ट्रामा सेंटर की स्थापना तो जिले में हो गई थी, लेकिन यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती अब भी नहीं हो पाई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला चिकित्सालय तक में फिजीशियन का अभाव है। ऐसे में जरूरत इस बात की भी है कि स्वास्थ्य सेवाओं को इमारतों तक नहीं बल्कि जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाए। यह तभी संभव है, जब चिकित्सकों की तैनाती जनपद में हो। यह बात और है कि मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके रावत कहते हैं कि पूरे प्रदेश में सरकारी चिकित्सालयों में चिकित्सकों का अभाव है। चिकित्सकों के अभाव को लेकर शासन को लिखा जाता है।
रामगंगा नदी पर पुल की घोषणा तो कई बार, अब बजट दें
हरदोई। जनपद में इन दिनों एक ज्वलंत मामला अर्जुनपुर में रामगंगा नदी पर पुल का है। पुल बनवाने की घोषणा प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या दो बार सवायजपुर में कर चुके हैं। पुल का विस्तृत आगणन भी शासन को भेजा जा चुका है। प्रस्ताव के मुताबिक 1392.38 मीटर का पुल बनना है। इसके लिए 84 करोड़ 58 लाख 4 हजार रुपये के बजट की जरूरत है। मौजूदा समय में पुल न होने से 36 गांवों के लगभग 30 हजार लोगों को फर्रुखाबाद पहुंचने के लिए 60 किलोमीटर का सफर करना पड़ता है, अगर पुल का निर्माण हो जाए तो यह दूरी महज 22 किलोमीटर रह जाएगी।