हरदोई। डीजीपी जावीद अहमद के निर्देशानुसार जिले में आपरेशन मिलन चलाया गया। अभियान में 17 लापता बच्चों की खोजबीन कर उनके मां बाप के सुपुर्द किया गया। एसपी उमेश कुमार सिंह ने कहा एक से 15 मई तक चलाया गया आपरेशन मिलन सफल रहा है। इसके मद्देनजर आगे भी अभियान को गति दी जाती रहेगी।
जिले में एक मई तक कु ल 32 बच्चे गुमशुदा थे। जिनकी तलाश में मां बाप इधर-उधर की दौड़ लगा रहे थे। इनमें से कुछ बच्चों के अभिभावक ों ने जिले से लेकर शासन स्तर तक प्रार्थना-पत्र भेज कर तलाश कराने की गुहार लगाई थी। इन प्रार्थना पत्रों को संज्ञान में लेते हुए डीजीपी ने पहली मई से 15 मई तक जिले में आपरेशन मिलन चलाने के निर्देश दिए थे।
इस अवधि तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र के तहत कुल 32 बच्चों की गुमशुदगी दर्ज थी। 15 दिन तक चले अभियान में 17 गुमशुदा बच्चों की तलाश कर उनके मां बाप के सुपुर्द किया गया। महज 15 दिन के अंतराल में लगभग डेढ़ दर्जन बच्चों का मां बाप से मिलाप हुआ।
एसपी उमेश कुमार सिंह ने बताया कि आपरेशन मिलन 15 मई को पूरा हो गया था। लेकिन गुमशुदा बच्चों को तलाश कर उनके मां बाप की सुपुदर्गी के लिए प्रयास जारी रखने के निर्देश दिए थे। इसके परिणाम स्वरूप चार और गुमशुदा बच्चों को खोजा गया है। जिले में 32 बच्चों में से अभी तक 21 को तलाश लिया गया है। शेष बच्चों को भी तलाश करने का प्रयास किया जा रहा है।