हरदोई। देहात कोतवाली के हरदोई- पिहानी मार्ग पर मंगलवार देर रात पोखरी गांव के पास तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। घायलों में एक को लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
शहर के मोहल्ला रेलवेगंज निवासी नीरज गुप्ता (25) मंगलवार देर रात कार से कहीं जा रहे थे। उनके साथ उनका दोस्त मोहल्ला का ही निवासी सौरभ द्विवेदी (25), नई बस्ती निवासी संतोष कुमार (36), चील पुरवा निवासी राहुल दीक्षित (29) और मोहल्ला लाइन पुरवा निवासी रवी (21) भी थे। रात करीब 12 बजे पिहानी रोड पर पोखरी गांव के पास तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर पुलिया को तोड़ते हुए पेड़ से टकरा गई। तेज धमाके की आवाज सुन आसपास के लोग जुट गए।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। किसी तरह कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में नीरज एवं संतोष की मौत हो गई, जबकि सौरभ की हालत गंभीर देख लखनऊ रेफर कर दिया गया। रवि और राहुल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गाय है। नीरज के चाचा पप्पू ने बताया ये सभी दोस्त घूमने निकले थे कि हादसा हो गया। नीरज छह भाइयों में बड़ा था। डेढ़ वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी। संतोष भी वाहन चलाता था और तीन भाइयों में बड़ा था और उसके दो पुत्र हैं।