अमर उजाला ब्यूरो।
हरदोई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य नरेश अग्रवाल के गढ़ बावन में ब्लाक प्रमुख पद पर भाजपा प्रत्याशी समीर सिंह का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। ब्लाक प्रमुख पद के लिए समीर सिंह के विरुद्ध नामांकन करने वाले सपा प्रत्याशी सर्वेंद्र कुमार सिंह ने गुरुवार को पिता पूर्व ब्लाक प्रमुख महेंद्रपाल सिंह मुन्ना की मौजूदगी में नामांकन वापस ले लिया। समीर सिंह के समर्थन में नामांकन करने वाली प्रेमलता सिंह ने भी नामांकन वापस ले लिया है।
पांच विकास खंडों में ब्लाक प्रमुख के लिए शुक्रवार को उपचुनाव है लेकिन सबकी निगाहें बावन विकास खंड के ब्लाक प्रमुख पद पर लगी हुई थीं। पिछले दो दशक से बावन विकास खंड में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद नरेश अग्रवाल का आशीर्वाद हासिल करने वाला व्यक्ति ही ब्लाक प्रमुख बनता था। 21 फरवरी को भाजपा नेता समीर सिंह की ओर से बावन के ब्लाक प्रमुख धर्मेंद्र सिंह के विरुद्ध लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के पारित होने के बाद ब्लाक प्रमुख पद रिक्त घोषित कर दिया गया था। नौ मार्च को होने वाले मतदान के मद्देनजर बावन से भाजपा ने समीर सिंह को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था। बुधवार को समीर सिंह ने नामांकन दाखिल किया था। उनके विरुद्ध सपा प्रत्याशी के रूप में सर्वेंद्र कुमार सिंह ने नामांकन किया था। समीर सिंह की समर्थक प्रेमलता सिंह ने भी नामांकन दाखिल किया था।
गुरुवार का दिन नामांकन वापसी का था। नाटकीय घटनाक्रम के तहत गुरुवार को दोपहर लगभग साढे़ बारह बजे सपा प्रत्याशी सर्वेंद्र कुमार सिंह पिता महेंद्रपाल सिंह के साथ ब्लाक मुख्यालय पहुंचे। मुख्यालय के बाहर पहले से मौजूद समीर सिंह, भाजपा नेता पारुल दीक्षित, राजाबक्श सिंह, मोनी पाठक, मनोज दीक्षित, उपेंद्र दिवाकर आदि के साथ सर्वेन्द्र सिंह आरओ के पास गए और नामांकन वापस ले लिया। इससे भाजपाइयों में खुशी की लहर दौड़ गई। इसी बीच प्रेमलता सिंह ने भी नामांकन वापस ले लिया और इस तरह एक ही नामांकन होने के कारण समीर सिंह के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया। बुधवार देर शाम जिलाधिकारी पुल्कित खरे ने कार्यालय कक्ष में जिलाध्यक्ष भाजपा की मौजूदगी में समीर सिंह का प्रमाणपत्र दे दिया। ब्लाक प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचन की जानकारी मिलते ही भाजपाइयों और समीर समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। समीर सिंह के धर्मशाला रोड स्थित आवास पर ढोल नगाड़ों के बीच जमकर गुलाल उड़ा। सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का दौर चल निकला।
-सपा प्रत्याशी सर्वेंद्र कुमार सिंह ने वापस लिया नामांकन
-भाजपा प्रत्याशी समीर सिंह का निर्विरोध निर्वाचन
-बावन में ब्लाक प्रमुख पद के उपुचनाव का मामला