सफाई व्यवस्था में जान डालेगा नौ दिन का अभियान
हरदोई। नगर निकाय क्षेत्रों की गली व मोहल्लों को चमकाने के लिए शासन के निर्देश पर जिले की 13 निकायों में विशेष अभियान के तहत आज से सफाई कार्य शुरू कराया गया है। पालिका अधिकारियों को 25 अगस्त तक चलने वाले अभियान के तहत होने वाले सफाई कार्य का निरीक्षण करने को कहा गया है।
प्रमुख सचिव मनोज कुमार सिंह ने प्रदेश भर के नगर पालिका व पंचायतों के ईओ को पत्र जारी कर 17 से 25 अगस्त के मध्य नगर निकायों में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद नगर पालिका व पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। ईओ नगर पालिका को यह भी निर्देशित किया गया कि वह लगातार अपने नगर क्षेत्रों के वार्डों का निरीक्षण करें और सफाई कर्मियों को विशेष तौर पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए निर्देश दें। यही नहीं सफाई कार्य का वीडियो स्वच्छता भारत मिशन की वेबसाइट पर अपलोड करें। बहरहाल पत्र आने के बाद जिले में गुरुवार से अभियान की शुरूआत कर दी गई है। सदर नगर पालिका के ईओ जी. लाल ने बताया कि उन्होंने शहर के वार्डों का निरीक्षण करना शुरू कर दिया है। गुरुवार को भी उन्होंने नुमाइश चौराहे, आलू थोक, चौहान थोक सहित कई वार्डों का निरीक्षण किया व सफाई व्यवस्था को लेकर सफाई कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
आम जनमानस से भी अपील
हरदोई। नगर पालिका ईओ जी. लाल ने शहरवासियों से भी सफाई अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने जनसहयोग मांगते हुए कहा कि शहरवासी कूड़ा उठने के बाद गलियों व सड़कों पर न डालें। पॉलीथिन का प्रयोग न करें।
लापरवाह सफाई कर्मियों पर होगी कार्रवाई
हरदोई। ईओ जी. लाल ने बताया कि निरीक्षण लगातार जारी है, यदि कहीें भी सफाई कर्मी अनुपस्थित पाए जाते हैं या उनकी शिकायतें सामने आती हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
- 25 अगस्त तक जिले भर में चलेगा विशेष सफाई अभियान
- प्रमुख सचिव ने ईओ को जारी किए दिशा निर्देश
- आज से शुरूआत होते ही काम में जुटे सफाई कर्मी
अमर उजाला ब्यूरो