अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के कच्ची शराब पीने के बाद एक युवक की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला खत्ता जमाल खां निवासी बलवीर (35) पुताई का काम करता था। परिजनों के अनुसार बलवीर शुक्रवार की शाम कांशीराम कॉलोनी गया था। वहां कच्ची शराब बनाकर बेची जाती है। वहीं से शराब पीकर बलवीर घर पहुंचा। कुछ देर बाद बलवीर की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर सीएचसी भागे। सीएचसी के डॉक्टर ने बलवीर को मृत घोषित कर दिया। बलवीर के परिवार में पत्नी बाबी के अलावा पुत्री पिंकी (13), पुत्र कुन्नू (8) और एक पुत्र छह माह का है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इंसेट
चार पुलिस कर्मियों पर गिरी निलंबन की गाज
कच्ची शराब पीने के कारण युवक की मौत के मामले में एसपी ने सख्त रुख अपना लिया। एसपी विपिन कुमार मिश्र ने घटना का संज्ञान लेते हुए जामा मस्जिद चौकी प्रभारी भगवान शरण पांडे, हेड कांस्टेबल रामप्रकट मिश्रा और कुशल पाल के साथ ही सरदारगंज चौकी में तैनात अब्दुल रसीद खां को निलंबित कर दिया। एसपी का कहना है कि जामा मस्जिद चौकी क्षेत्र में आने वाली कांशीराम कॉलोनी में शराब बनाने और बेचने के कारोबार पर अंकुश न लगा पाने के कारण संबंधित पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई हुई है। सरदारगंज चौकी में तैनात सिपाही बिना किसी कारण के ही कार्रवाई की जद में आ गया।
- कच्ची शराब पीने से युवक की मौत
- कांशीराम कॉलोनी से आया था शराब पीकर