अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। युवती का प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि वह गांव से प्रेमी के पास हरिद्वार चली गई। जहां पर दोनों ने जिंदगी भर साथ निभाने की कसमें खाकर मंदिर में शादी कर ली। तीन माह बाद शनिवार को वह हरिद्वार से प्रेमी के साथ थाने पहुंची और अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ शादी करने का लिखित प्रार्थना- पत्र दिया। वहीं युवती ने अपने आपको बालिग साबित करने के लिए पुलिस को अपना आधार कार्ड सौंपा। पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर युवती को मेडिकल के लिए महिला अस्पताल भेजा।
लोनार थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती (21) का युवक के साथ तीन साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच पर फोन से बातें होने से नजदीकियां और बढ़ गईं। उसका प्रेमी छह माह पूर्व हरिद्वार नौकरी करने चला गया। 2 मई 2017 की सुबह युवती भी हरिद्वार में प्रेमी के पास चली गई। जहां पर दोनों ने मंदिर में भगवान को साक्षी मानकर शादी कर ली। युवती के परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। दूसरे दिन उसने पाली थाने के बैजूपुर निवासी रक्षपाल, औहदपुर निवासी हरीराम के खिलाफ बेटी की अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुटी थी कि शनिवार की सुबह प्रेमी के साथ हरिद्वार से थाने पहुंची युवती ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि मैं खुद अपनी मर्जी से हरिद्वार गई थी। वहां पर दोनों ने अपनी मर्जी से मंदिर में शादी की है। प्रभारी एसओ संतोष श्रीवास्तव ने बताया युवती का मेडिकल कराया गया है। दोनों के कोर्ट मे बयान कराए जाएंगे। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- युवती ने कहा बालिग हूं, मर्जी से की शादी
- लोनार थाना क्षेत्र के गांव निवासी है युवती
- गांव युवक से हरिद्वार में की थी शादी
- शनिवार को हरिद्वार से प्रेमी के साथ कोतवाली पहुंची युवती