अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद । शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के भूड़ा निवासी युवक की गुरुवार रात शराब पीने के बाद मौत हो गई। देर शाम हालत बिगड़ने पर चचेरे भाई ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया था। जहां पर इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के ससुर ने रिश्तेदार पर शराब में जहर मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
शाहाबाद कोतवाली के भूड़ा निवासी उमाशंकर के बेटे नीरज (28) ने गुरुवार देर शाम गांव में एक रिश्तेदार के साथ शराब पी थी। करीब सात बजे वह घर पहुंचा था। कुछ ही देर बात उसकी हालत बिगड़ गई। चचेरे भाई सुरेंद्र ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर शुक्रवार सुबह पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के ससुर कृष्ण मुरारी निवासी भैलामऊ थाना क्षेत्र लोनार ने एक रिश्तेदार पर शराब में जहर मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि शाहजहांपुर निवासी रिश्तेदार तीन दिन पहले भूड़ा आया था। किसी बात को लेकर नीरज का रिश्तेदार के साथ काफी विवाद हुआ था। गुरुवार को भी नीरज ने उसके साथ ही गांव में शराब पी थी। इसी दौरान रिश्तेदार ने शराब में जहर मिलाकर उसे पिलाया। युवक की शादी हो चुकी थी। उसका छह माह का बेटा है। कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। अभी इस संबंध में उन्हें तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- रिश्तेदार के साथ शराब पीने के बाद युवक की मौत
- शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के भूड़ा गांव का था निवासी
- गुरुवार देर शाम गांव में ही शराब पीकर घर पहुंचा था
- हालत बिगड़ने पर सीएचसी में भर्ती कराया गया मौत
- ससुर ने शराब में जहर मिलाकर पिलाने का लगाया आरोप