अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। रोज की भांति ही कामता शुक्रवार को भी घर से टहलने के लिए निकला था। गांव के सामने से निकले कटरा-बिल्हौर हाईवे को पार करते समय ट्रक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गया था। ग्रामीणों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव ग्रामीणों को सौंप दिया।
लोनार थाना क्षेत्र के बरसोइया गांव के मजरा बड़ा पुरवा निवासी कामता (22) दो भाइयों में छोटा था। कुछ साल पहले उसके मां-बाप की मौत हो गई थी। बड़ा भाई बेचे लाल पूना में मजदूरी करता है। कामता की अभी शादी नहीं हुई थी। वह गांव में रहता था। लोगों के यहां मजदूरी करके जीवन यापन करता था। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे वह घर से पैदल बस अड्डा की तरफ टहलने गया था। गांव के सामने से निक ले कटरा-बिल्हौर हाईवे को पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी थी। ग्रामीण रामचंद्र ने ग्रामीणों की मदद से उसे सीएचसी में भर्ती कराया था। जहां पर हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। रामचंद्र ने मृतक के भाई बेचेलाल को हादसे की सूचना दी थी। शनिवार को बेचेलाल नहीं पहुंचा था। ग्रामीणों का कहना था कि कामता रोज की भांति ही शुक्रवार को भी टहलने निकला था और उसे मौत मिली। रामचंद्र ने बताया कि बेचेलाल से फोन पर बात हुई है। वह रास्ते में है, यहां पहुंचने पर थाने में अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। प्रभारी एसओ एसएसआई अरविंद सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। अभी तहरीर नहीं मिली है।
- टहलने निकला था, मिली मौत
- लोनार थाना क्षेत्र के बड़ा पुरवा का निवासी था मृतक
- रोड पार करते समय ट्रक की टक्कर से हुई थी मौत