अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र के कुंइया गांव में सोमवार को कच्ची शराब पीने से दो भाइयों समेत तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों सुबह करीब नौ बजे घर से निकले थे। वे गांव के ही एक युवक के घर से शराब खरीदे। इसके बाद गांव से करीब एक किलोमीटर दूर बरगद के पेड़ के नीचे बैठकर उसे पी लिए। दोपहर में कुछ ग्रामीण मवेशी चलाने गए तो बरगद के पेड़ के नीचे दो मृत मिले, जबकि तीसरा बेहोश था। परिजन उसे सीएचसी पहुंचाए, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के कुंइया निवासी भजन लाल का बेटा प्रमोद (23) फरीदाबाद में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। उसके साथ चचेरा भाई तेजपाल (18) पुत्र भीमसेन व दोस्त अंकित कुमार (22) पुत्र सुशील भी फरीदाबाद में नौकरी करते थे। करीब एक सप्ताह पहले तीनों गांव आए थेे। सोमवार सुबह करीब नौ बजे प्रमोद घर से निकला था। उसने तेजपाल व अंकित को भी बुलाया। परिजनों का कहना है कि प्रमोद ने गांव निवासी एक युवक के यहां से कच्ची शराब के पांच पाउच खरीदे। फिर तीनों गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित बरगद के पेड़ के नीचे पहुंचे। वहां तीनों ने शराब पी। दोपहर लगभग 12 बजे ग्रामीण मवेशी चराए हुए बरगद के पास पहुंचे तो तेजपाल व अंकित मृत मिले। जबकि प्रमोद बेहोश पड़ा था। ग्रामीणों की सूचना पर तीनों के परिजन मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस से प्रमोद को सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। शराब पीने से तीन युवकों की मौत की सूचना पर एसडीएम ओमप्रकाश, सीओ हरपालपुर पीके सिंह व क ोतवाल विनोद कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ के बाद शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कहा कि इस संबंध में परिजनों की तरफ से उनको तहरीर नहीं मिली है।
- कच्ची शराब पीने से दो चचेरे भाइयों समेत तीन की मौत
- घर से करीब एक किलोमीटर दूर बरगद के पेड़ के नीचे पी थी शराब
- मवेशी चराने गए ग्रामीणों को बरगद के पेड़ के नीचे मिले मृत