पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के प्रहलाद नगर में परिवार के बाजार जाने के दौरान कमरे में आग लग गई। धुआं उठता देखकर मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। पड़ोसियों ने आग बुझाई, लेकिन तब तक घर का सामान जलकर राख हो चुका था।
मूलरूप से धौलाना के नारायणपुर बास्का निवासी अर्जुन प्रहलाद नगर में महेंद्र लाला के मकान की पहली मंजिल पर किराये पर रहते हैं। वह परतापुर के पास श्रीरामा पट्टा फैक्टरी में मशीन ऑपरेटर हैं। घटना के समय उनकी पत्नी संगीता दो बच्चों के साथ बाजार गई हुई थीं। इसी दौरान अज्ञात कारणों से कमरे में आग लग गई। घर से धुआं निकलता देखकर पड़ोसियों ने अर्जुन को फैक्टरी में सूचना दी।
सूचना मिलते ही अर्जुन घर पहुंचे लेकिन तब तक आग पूरे कमरे में फैल चुकी थी। पड़ोसियों ने पानी, मिट्टी और अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक आग में घरेलू सामान के साथ चांदी के जेवर, कानों के कुंडल और 1100 रुपये नकद जल गए। पीड़ित ने आग से करीब ढाई लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।