यूपी 100 का सोमवार से जिले में आगाज हो गया। पहले दिन वाहनों को नेट कनेक्टिविटी से जोड़ने का कार्य जारी रहा। गाड़ियों में अभी एमडीटी सिस्टम लगना बाकी है। इसके बाद ही ये वाहन लखनऊ से कनेक्ट होंगे।
इसमें करीब एक सप्ताह का समय और लग सकता है। फिलहाल सोमवार को ये वाहन स्थानीय सूचनाओं के आधार पर ही सक्रिय रहे। विदेशी तर्ज पर जिले में यूपी 100 योजना शुरू हो गई है। इस योजना में जिले को 22 वाहन मिले हैं।
फिलहाल इन वाहनों में मोबाइल डाटा टर्मिनल सिस्टम चालू नहीं हुआ। लखनऊ से टीम आकर ये सिस्टम वाहनों में लगाएगी। इसके बाद यूपी 100 पर आने वाली कॉल लखनऊ पहुंचेगी। वहां से इस कॉल को जिले में सूचना देकर पुलिस को मौके पर भेजा जाएगा।
योजना के सफल संचालन में इंटरनेट कनेक्टिविटी के कारण समस्या हो सकती है। बेहतर कनेक्टिविटी के लिए इस योजना को निजी कंपनी के नेट से जोड़ा गया है। संभवत एक सप्ताह के भीतर यह योजना पूरी तरह कार्य करने लगेगी।
इस संबंध में प्रभारी यतीश पूनिया ने बताया कि वाहनों को एमडीटी से जोड़ने का कार्य किया जाना है। इसके बाद ये वाहन लखनऊ से कनेक्ट हो जाएंगे। जल्द से जल्द योजना को शुरू किया जाएगा।