सिंभावली। पुराने हाईवे पर बक्सर ओवरब्रिज पर आगे जा रही बस के चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से अनियंत्रित कार पलट कर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दो लोग मामूली रूप से घायल हो गए।
जनपद मुरादाबाद के छजलैट निवासी जयपाल सिंह और हरवीर सिंह किसी काम से दिल्ली गए हुए थे। दोनों शुक्रवार की रात कार में सवार होकर छजलैट के लिए लौट रहे थे। देर रात जैसे ही उनकी कार क्षेत्र के गांव बक्सर में पुराने हाईवे के ओवरब्रिज पर पहुंची, तो आगे जा रही बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। बस से बचने के लिए कार चला रहे हरवीर सिंह ने तेजी से ब्रेक लगाए, लेकिन वह कार पर नियंत्रण नहीं रख सके। इस कारण कार पलटते हुए डिवाइडर से टकरा गई। गनीमत रही कि हादसे में जयपाल और हरवीर सिंह को केवल मामूली चोट लगी, लेकिन कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कार का शीशा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। उनका स्थानीय अस्पताल में उपचार कराया गया। थाना पुलिस का कहना है कि कार को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच करते हुए बस चालक की तलाश की जा रही है।