कुचेसर चौपला। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। पहला हादसा नेशनल हाईवे-9 पर रसूलपुर बहलोलपुर लाईओवर के पास हुआ। जबकि दूसरा स्याना रोड पर दयानतपुर गांव के पास हुआ है।
जिला मेरठ के थाना लोहियानगर के गांव जाहिदपुर निवासी आशीष (26) नगर निगम मेरठ में चालक के पद पर तैनात था। वह बृहस्पतिवार की शाम बुलंदशहर जिले के गांव सठला में अपने ननिहाल मामा दीपक के यहां गया था। रात को करीब 11 बजे वह बाइक से घर वापस आने के लिए निकला था। देर रात को जब वह थाना क्षेत्र के गांव दयानतपुर के पास बने गन्ना केंद्र के पास पहुंचा तो उसे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह सड़क किनारे झाड़ियों में गिर गया। इस दौरान पूरी रातभर वह झाड़ियों में पड़ा रहा। शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे के आसपास जब किसान अपने खेतों में पहुंचे तो उन्होंने यहां क्षतिग्रस्त बाइक व झाड़ियों में युवक का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बाइक सहित अन्य कागजात के माध्यम से शव की शिनाख्त कर मृतक के परिजनों को सूचना दी।
वहीं, दूसरे हादसे में नेशनल हाइवे-9 नए बाईपास पर रसूलपुर बहलोलपुर के फ्लाईओवर के पास देर रात किसी अज्ञात वाहन ने व्यक्ति को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। शव पूरी रात हाईवे पर पड़ा रहा और उसके ऊपर से पूरी रात वाहन गुजरते रहे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के चिथड़ों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार की दोपहर बाद तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि दोनों ही मामलों में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।