नक्का कुआं मंदिर के पास तिराहे पर खड़े मनचलों से परेशान दुकानदारों और शिक्षकों ने पुलिस बूथ बनाने की मांग की है। मंदिर के पास कई शिक्षण संस्थाएं हैं। स्कूलों की छुट्टी के समय मंदिर के पास और तिराहे पर मनचलों का जमावड़ा लग जाता है।
इतना ही नहीं कुछ युवा तो बाइकों पर सवार होकर स्टंट करते हैं। मनचलों की हरकतों से परेशान छात्राएं स्कूल जाने से कतराने लगी हैं। कमलावती मदन लाल सरस्वती विद्या मंदिर के प्रिंसिपल ज्ञानेंद्र चौहान ने बताया कि उक्त मार्ग पर सुबह के समय मांर्निंग वॉक के लिए सैकड़ों महिला पुरुष इस तिराहे से गुजरते हैं।
उक्त मार्ग पर बाइकर्स द्वारा चैन स्नेचिंग और कुंडल झपटने जैसी घटनाएं भी हो चुकी है। मनचलों के आतंक से तिराहे के पास दुकानदार और मंदिर में आने वाले श्रद्धालु भी परेशान हैं। जिसे निजात दिलाए जाने के लिए उन्होंने मंदिर तिराहे पर पुलिस बूथ बनाकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की है।
पालिका अध्यक्ष संगीता पुरूषोत्तम का कहना है कि पुलिस बूथ बनने से मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं को राहत मिलेगी।
सीओ सतीश चंद पांडेय ने बताया कि जल्द से जल्द मंदिर के पास पुलिस बूथ बनवाया जाएगा। मनचलों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।