हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला प्रह्लादनगर में बंद मकान को चोरों ने अपना निशाना बना लिया। चोर ताला तोड़कर हजारों की नकदी व आभूषण चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहल्ला निवासी अंजू रानी ने बताया कि उसके पति लखनऊ में प्लाटून कमांडर पद पर हैं। वह 25 जनवरी की शाम अपने परिवार के साथ दिल्ली के जगतपुरी में अपनी भांजी की सगाई में गई थीं। सगाई में जाने से पहले उसने मकान का ताला सही से लगाया था। शनिवार की सुबह वह अपने परिवार के साथ अपने मकान पर पहुंची। जहां उनके मकान के ताले टूटे पड़े थे। उसने मकान के अंदर जाकर देखा तो सैफ आदि का सामान बिखरा पड़ा था। चोर यहां से करीब 40 हजार रुपय की नकदी व आभूषण चोरी कर ले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। थाना प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।