थाना कोतवाली क्षेत्र के गांव गोयना के पास रोडवेज बस के गांव के स्टैंड पर नहीं रुकने पर बस में सवार युवक बबूला हो गया। युवक ने बस से उतरकर बस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इससे बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया।
पत्थर लगने से दो यात्री घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार को हापुड़ डिपो की एक बस मोदीनगर जा रही थी।
इस बस में गांव गोयना जाने के लिए एक युवक भी सवार हो गया। जैसे ही बस गांव गोयना के पास पहुंची तो उसने बस रोकने को कहा। बस की गति तेज होने के कारण बस गांव के स्टॉप से थोड़ा आगे जाकर रुकी। इससे युवक का पारा चढ़ गया।
उसने बस से उतर कर बस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इससे बस का पीछे का शीशा टूट गया और यात्रियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान दो यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। मामले की सूचना चालक ने पुलिस को दी गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगने पर बस को रवाना कर दिया गया।
उधर, कोतवाली प्रभारी आरके सिंह का कहना है कि बस के नहीं रोकने पर युवक ने हंगामा किया था। इसके बाद उसने बस पर पत्थर फेंक दिया था। फिलहाल कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।