सावन माह की कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले ही पुलिस प्रशासन कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर खाका तैयार करने में जुट गया है। कांवड़ यात्रा के दौरान व्यापक स्तर पर बंदोबस्त करने की रूपरेखा तैयार की गई है।
एसडीएम शमशाद हुसैन और डीएसपी सतीश चंद्र पांडेय ने बताया कि शिवरात्रि के मद्देनजर कांवड़ियों का बड़ी संख्या में ब्रजघाट गंगानगरी में आगमन होना है।
इसके मद्देनजर नेशनल हाईवे पर भारी वाहन नहीं चलाए जाएंगे। इस बार हाईवे किनारे कांवड़ियों के नए शिविर भी नहीं लगने दिए जाएंगे। साथ ही डीजे पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने बताया कि ब्रजघाट के नए पुल पर अतिरिक्त फोर्स के साथ ही सीनियर इंस्पेक्टरों की तैनाती की जाएगी। कांवड़ियों के वाहनों को खड़ा करने के लिए ब्रजघाट में पलवाड़ा मार्ग पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
एसडीएम शमशाद हुसैन ने बताया कि कांवड़ सेवा शिविरों में शिवभक्तों को अच्छी क्वालिटी की खाद्य सामग्री ही परोसी जाएगी। खाने की खाद्य सुरक्षा विभाग सहित विशेषज्ञों द्वारा निरंतर जांच भी की जाएगी।
एसडीएम ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान ब्रजघाट गंगा से लाखों शिवभक्त कांवड़ उठाने आते हैं। इनमें अधिकांश रात के समय अपने गंतव्य स्थलों को वापस लौटते हैं। इसलिए शिवभक्तों की सुविधा के लिए कटौती मुक्त बिजली दिलाने के लिए पावर कारपोरेशन को डिमांड भेज दी गई है।
व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष जितेंद्र गोयल और श्री गंगा सेवा समिति प्रमुख नय मिश्रा ने कांवड़ यात्रा के दौरान होने वाली डूबने की घटनाओं की रोकथाम के कड़े बंदोबस्त करने की मांग की है।
ईओ पूर्णिमा सिंह का कहना है कि पालिका स्तर से ब्रजघाट गंगा में बैरिकेडिंग के साथ ही गोताखोरों सहित नावों की व्यवस्था की हुई है।