लगातार दूसरे दिन शुक्रवार शाम हुई जोरदार बारिश से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। एक तो गेहूं की फसल को नुकसान का खतरा है। वहीं, आलू से लदी सैकड़ों ट्रॉलियां शीतगृहों के बाहर खड़ी हैं। वहीं, बारिश के बाद सिहरन भी बढ़ गई।
शुक्रवार शाम हुई बारिश और तेज हवा के चलते गेहूं की फसल गिर गई है। सरसों की फसल को भी नुकसान बताया जा रहा है। ददायरा निवासी किसान कालू राम मटर वाले ने बताया कि बृहस्पतिवार को कई स्थानों पर ओले भी पड़े इससे फसलों को नुकसान हुआ है।
किसान नरेंद्र त्यागी और आदेश चौधरी ने बताया कि आलू की तेजी से खुदाई कर उसे शीतगृहों में पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। शीतगृहों के बाहर आलू से लदी सैंकड़ों ट्रैक्टर ट्रालियां खड़ी हैं। बारिश से नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि बारिश से आलू से भरी बोरियों में मिट्टी चिपक गई है।
बृहस्पतिवार देर शाम तेज हवा के साथ बारिश होने से गढ़, ब्रजघाट और बहादुरगढ़ को सप्लाई देने वाले सिंभावली बिजलीघर में फाल्ट हो गया। इससे गढ़-ब्रजघाट समेत करीब पांच दर्जन गांवों में रात भर बिजली गुल रही।
करीब 14 घंटों बाद शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे बिजली सुचारु हुई। इसके चलते पेयजल सप्लाई भी प्रभावित हुई।
एसडीओ जीपी शर्मा ने बताया कि तेज हवा के साथ बारिश से बृहस्पतिवार देर शाम सिंभावली बिजलीघर में फाल्ट होने से गढ़ क्षेत्र में रातभर बिजली गुल रही। शुक्रवार सुबह फाल्ट ठीक कराकर सप्लाई सुचारु करा दी गई।