हापुड़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के नेतृत्व में बुधवार को भी शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष कृष्ण द्विवेदी ने बताया कि लिपिक बिना अवकाश के कार्यालय से अनुपस्थित रहते हैं। इससे कोई भी काम समय से नहीं हो पाता। शिक्षकों की एनपीएस कटौती उनके वेतन से प्रत्येक माह हो जाती है, लेकिन वह धनराशि संबंधित प्रान के खातों में नहीं भेजी जाती। कई महीने से धनराशि की कोई प्रविष्टि नहीं हुई, यह गंभीर वित्तीय अनियमितता है। इससे शिक्षकों का भारी नुकसान है। कार्यालय में महीनों से फाइल पड़ी रहती हैं। शिक्षकों की पदोन्नति, चयन प्रोन्नत वेतनमान के लिए कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। अप्रैल में सेवानिवृत्त शिक्षकों को अभी तक सेवानिवृत्ति का लाभ नहीं मिला। ऐसी स्थिति में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ हापुड़ संघर्ष और आंदोलन करने के लिए बाध्य है। जब तक लंबित प्रकरणों का निस्तारण नहीं हो जाता यह आंदोलन निरंतर चलता रहेगा।
इस दौरान संघ के संरक्षक सुबोध गुप्ता, जतन पाल सिंह, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह,उपाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह, क्षेत्रीय संयोजक कृष्णपाल, धनंजय पाठक, मनोज चौधरी, मनीष कुमार, देव मणि सिंह, सुरेंद्र कुमार, अदनान अहमद, नौशाद अली, सचिन शर्मा, विशाल गुप्ता मौजूद रहे।