गढ़मुक्तेश्वर। गंगा का उफान थमने से खादर के गांवों में बाढ़ का खतरा तो फिलहाल टल गया है, लेकिन यहां रहने वाले हजारों परिवारों की दुश्वारियां बढ़ती जा रही हैं। खेतों में भरा पानी न निकलने से फसलें बर्बाद हो गई हैं। गांवों में संक्रामक बीमारियां फैलने लगी हैं। बुखार और डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से चिकित्सा शिविर लगवाने की मांग की है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ ही उत्तराखंड के पहाड़ों में हुई बारिश के साथ ही बादल फटने की कई घटनाएं हुई थीं। इससे गंगा नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हुई। इसके कारण खादर के गांवों में एक माह के अंदर तीसरी बार बाढ़ आने का खतरा मंडरा रहा था। फिलहाल गंगा के जलस्तर में गिरावट होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, लेकिन परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। गांवों के अधिकांश संपर्क रास्ते टूट चुके हैं। निचले जंगल में भरा गंगा का पानी न निकलने से फसलें खराब हो गई हैं। संक्रामक बीमारियां फैलने ने ग्रामीणों को अपनी गिरफ्त में जकड़ा हुआ है। वहीं, बाढ़ के दौरान प्राकृतिक घास और चारे की फसल में मिट्टी की परत जम गई थी, इसे खाने से पशु भी बीमार हो रहे हैं। गड़ावली, नयाबांस, लठीरा, मंढैया किशन सिंह समेत कई गांवों के रास्तों में पानी भरा होने से छोटे बच्चे बाहरी स्कूलों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। एसडीएम श्रीराम यादव ने बुधवार को टीम के साथ बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। सफाई व्यवस्था को चाक चौबंद बनाने के साथ ही ग्रामीणों की हरसंभव मदद करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
गांवों में चिकित्सा शिविर लगवाने की मांग
चक लठीरा के प्रधान निरंजन सिंह, गड़ावली के प्रधान प्रेमसिंह राणा, नयागांव के प्रधान सुशील राणा, न्यामतपुर के प्रधान टीकम सिंह ने बाढ़ प्रभावित गांवों में नियमित चिकित्सा कैंप लगवाने और जरूरी दवाओं का वितरण कराने की मांग उठाई है। सीएचसी के प्रभारी डॉ.शशि भूषण का कहना है कि बाढ़ से प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा कैंप लगाकर मरीजों का परीक्षण और उपचार किया जा रहा है।
-किसान संगठनों ने बांटी खाद्य सामग्री
बुधवार को भाकियू टिकैत के युवा मंडल अध्यक्ष जीते चौहान और मंडल मुख्य महासचिव दिनेश त्यागी के नेतृत्व में संगठन से जुड़े कार्यकर्ता लठीरा, गडावली, नयाबांस समेत कई गांवों में पहुंचे। जिन्होंने बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों का दर्द सुनते हुए घर-घर जाकर खाद्य सामग्री का वितरण किया। इस दौरान नवदीप सिंह, सेवाराम, नितेश त्यागी, मनोज प्रधान, अनूप सिंह, मंगत सिंह आदि मौजूद रहे।