गांव बंगौली स्थित प्राथमिक विद्यालय के बच्चे अब कान्वेंट स्कूलों के बच्चों की तरह खेल खेल में शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। इस विद्यालय में शुक्रवार को बाल मित्र कक्ष का शुभारंभ कर दिया गया।
90 फीसदी उपस्थिति वाले बच्चों को उनके मां के साथ प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र गुप्ता ने कहा कि शासन व उनका प्रयास परिषदीय स्कूलों में बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है।
बाल मित्र कक्ष के जरिए बच्चे खेल खेल में अच्छी शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। सर्व शिक्षा अभियान के नवाचार कार्यक्रम के तहत मित्र कक्ष में अनेक पेंटिंग, चित्र बनाए जायेंगे।
एसएमसी अध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि बच्चों का नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से सभी परिषदीय स्कूलों में बच्चों का जन्मदिवस मनाया जायेगा। शुक्रवार को बंगौली के प्राथमिक विद्यालय में करीब 20 बच्चों का जन्मदिवस भी केक काट कर धूमधाम से मनाया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी राशिद अली ने बताया कि 90 फीसदी उपस्थिति पाने वाले छात्रों को उनकी मां के साथ प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। शुक्रवार को कार्यक्रम के दौरान ऐसे ही पांच बच्चों व उनकी मां को सम्मानित किया गया।
सर्व शिक्षा अभियान के के जिला समन्वयक भूपेंद्र सिंह ने बच्चों को शिक्षा संबंधी अनेक टिप्स दिए। इस मौके पर ग्राम प्रधान विकास कुमार, प्रधानाध्यापक सुरेंद्र पाल आदि का सहयोग रहा।