इस बार 65 फुट का होगा रावण का पुतला
- फोटो : अमर उजाला
दशहरा के लिये रामलीला में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले आज खड़े हो जाएंगे। इसके लिये मुरादनगर व स्थानीय कारीगरों को लगाया गया है। इस बार रामलीला में 65 फुट के रावण के पुतले का दहन किया जायेगा।
मुरादनगर निवासी चंद्रपाल 25 साल से रामलीलाओं में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ आदि के पुतले बनाने का काम कर रहा है। पिछले छह सालों से वही हापुड़ में लगने वाली रामलीला में पुतले बनाता आ रहा है।
चंद्रपाल और उसके साथ काम में जुटे मलकपुर निवासी जगदीश ने बताया कि करीब 20 दिन से वे इस काम में जुटे हैं। खास बात यह है कि रावण का पुतला इस बार 65 फुट, कुंभकरण का 60 और मेघनाथ का 55 फुट का होगा।
पिछले वर्ष की तुलना में सभी पुतले 5-5 फिट बड़े हैं। पुतलों में करीब एक लाख रुपये की लागत आएगी। उसने बताया कि प्रत्येक पुतले में 300 बम लगाये जायेंगे। छह साल से यही टीम हापुड़ की रामलीला में पुतले तैयार कर रही है।
अब तक ये लोग हापुड़, बुलंदशहर, गाजियाबाद, नोएडा आदि स्थानों पर रामलीला में पुतले तैयार कर चुके हैं। तीनों के पुतलों को शुक्रवार को अंतिम रूप दिया जाएगा। इन्हें शनिवार रात को खड़ा करने की योजना है।