डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को लगाने लेकर मंगलवार का दिन भी हंगामेदार रहा। बड़ी संख्या में कलक्ट्रेट पहुंचे दलित समाज के लोगों ने डीएम से वार्ता कर प्रशासन को 72 घंटे में नई प्रतिमा मूल स्थान पर लगाने का अल्टीमेटम दिया।
हालांकि, इसके बाद नगर पालिका पार्क में आयोजित बैठक में युवा वर्ग और दूसरे वरिष्ठ नेताओं में मतभेद दिखाई दिया। फ्रीगंज रोड स्थित जिला पंचायत मार्केट में बाबा साहेब की मूर्ति क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में मंगलवार को बड़ी संख्या में दलित समाज के लोग कलक्ट्रेट पहुंचे और हंगामा किया।
बाद में समाज का एक प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिला। इस दौरान लोगों ने अगले 72 घंटे में नई प्रतिमा पुराने स्थान पर लगवाने की मांग की जिसे डीएम ने मान लिया। दलित स्वाभिमान रक्षा संघर्ष वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल आजाद ने बताया कि
डीएम से प्रतिमा स्थापित कराने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई। वहीं, भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र कुमार ने कहा कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेकर तत्परता से कार्य करे। इस मामले में लेटलतीफी बर्दास्त नहीं की जाएगी।
कलक्ट्रेट पर हंगामे के बाद समाज के लोग नगर पालिका पार्क में एकत्र हुए जहां भाषणबाजी के दौरान युवा वर्ग और आंदोलन कर रहे समाज के वरिष्ठ नेताओं में मतभेद दिखा। युवा वर्ग प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम देने पर नाराज था।
जिसे लेकर दोनों पक्षों में नोकझोंक हुई। हालांकि, बाद में लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इस दौरान योगेंद्र सिंह, रामपाल जाटव, विनोद सागर, अभिषेक, जोगेंद्र सिंह, मुंशीलाल जयंत, धर्मेंद्र सिंह, सुखपाल, सुभाष गौतम, अनिल वर्मा, देवेंद्र सिंह, मनोज कुमार मौजूद रहे।
बसपा कार्यकर्ताओ ने मंगलवार को नगर पंचायत बाबूगढ़ में बैठक आयोजित कर बाबा साहेब की नई प्रतिमा जल्द नहीं लगाने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। अजय सिंह जयंत ने कहा कि असामाजिक तत्वों ने बाबा साहेब की प्रतिमा खंडित कर दी।
डीएम को खंडित प्रतिमा के स्थान पर जल्द नई प्रतिमा लगवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जल्द प्रतिमा न लगने पर कार्यकर्ता भूख हड़ताल करने को मजबूर होंगे। बैठक में पवन कुमार जाटव, डा. एसके राय, हर्ष कुमार जयंत, डॉ. शराफत अली सैफी मौजूद रहे।
समाजवादी पार्टी महिला सभा की प्रदेश सचिव मिथलेश गौतम ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर खंडित प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा लगवाने की मांग की है।