किसानों ने गोदाम प्रभारी का किया घेराव
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ तिराहा स्थित राजकीय बीज भंडार से किसानों को 500 रुपये के पुराने नोट से गेहूं का बीज नहीं दिया गया। केंद्र सरकार का आदेश होने के बावजूद सुविधा न मिलने पर किसान भड़क उठे। किसानों ने गोदाम प्रभारी का घेराव कर जोरदार हंगामा किया।
वहीं, गोदाम प्रभारी ने बताया कि ट्रेजरी से करीब एक लाख रुपये के पुराने नोट वापस आ गए हैं, इसके चलते पुराने नोट नहीं ले रहे हैं। किसानों को फसल बुआई में परेशानी न हो, इस उद्देश्य से सरकार ने राजकीय बीज गोदामों पर 500 के पुराने नोट चलाने के आदेश किए थे।
शुक्रवार तक किसानों को पुराने नोटों के बदले गेहूं का बीज मिला। शनिवार को अचानक गोदाम पर पुराने नोटों की स्वीकृति पर रोक लगा दी गई। मीलों की दूरी तय कर गोदाम पर पहुंचे किसानों को पुरानी करेंसी से बीज नहीं मिले।
कफी देर तक बातचीत करने के बाद बीज नहीं मिलने पर किसानों ने गोदाम प्रभारी का घेराव कर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा कर रहे किसान परमानंद त्यागी व संजय यादव ने कहा कि फसल बुआई का समय चल रहा है।
सरकार ने बीज गोदामों पर 500 के पुराने नोटों को चलाने के आदेश दिए हुए हैं। इसके बाद भी कृषि विभाग के कर्मचारी किसानों को परेशान कर रहे हैं।
वहीं, राजकीय बीज गोदाम प्रभारी ओंमकार राणा ने बताया कि ट्रेजरी में शुक्रवार को बीज की बिक्री से प्राप्त हुआ करीब एक लाख रुपये जमा किया गया था, लेकिन वहां 500 के नोट स्वीकृत नहीं किए गए, इसके चलते 500 के नोटों के बदले बीज नहीं दिया जा रहा है।