लगातार ट्रेनों का संचालन गड़बड़ाने से यात्रियों का सब्र टूटने लगा है। बुधवार को शटल की 50 मिनट की देरी पर गुस्साए यात्रियों ने स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। यात्रियों ने पूछताछ काउंटर पर तोड़फोड़ कर दी।
सूचना पर आरपीएफ मौके पर पहुंची, इस दौरान हंगामा कर रहे यात्री भाग गए। जीआरपी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार बुलंदशहर से दिल्ली जाने वाली शटल ट्रेन का सुबह हापुड़ आने का समय 6.40 बजे है।
बुधवार को यह ट्रेन अपने निर्धारित समय पर हापुड़ पहुंच गई, लेकिन इस बीच शटल को हापुड़ स्टेशन पर रोककर उससे पहले मालगाड़ी को पास दे दिया गया।
इस दौरान शटल करीब 50 मिनट तक स्टेशन पर ही खड़ी रही, जिससे आक्रोशित दैनिक यात्रियों ने स्टेशन के पूछताछ काउंटर पर हंगामा करना शुरू कर दिया। इस बीच यात्रियों ने काउंटर पर लगे शीशे तोड़ दिए।
सूचना पर रेलवे अधिकारी व आरपीएफ मौके पर पहुंची। अफसरों ने यात्रियों को समझा बुझाकर शांत किया। लगभग 7.30 बजे ट्रेन को रवाना किया गया।
वहीं, स्टेशन अधीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मालगाड़ी को निकालने को लेकर यात्रियों ने हंगामा किया था। जिसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
आरपीएफ प्रभारी एसएम असलम ने बताया कि हंगामा करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।