दिल्ली रोड बिजलीघर पर एसडीओ द्वारा जेई को पीटने का मामला फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। शुक्रवार को टाउन हाल बिजलीघर पर एकत्र होकर कार्रवाई की मांग पर हंगामा करते हुए जेई धरने पर बैठ गए और हड़ताल की घोषणा की।
जेई का आरोप है कि एसडीओ बिल काउंटरों पर 500 और 1000 के नोटों बदलवाने पहुंचे और उन्हें वहां देखकर अभद्रता करने लगे। हालांकि एसडीओ ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। बता दें कि बृहस्पतिवार को दिल्ली रोड स्थित बिजलीघर पर एसडीओ प्रथम यशेंद्र कुमार ने जेई साहेब सिंह की पिटाई कर दी थी।
इससे आक्रोशित जिले के जेई शुक्रवार को एसडीओ के खिलाफ लामबंद हो गए। टाइल हाल पर एकत्र होकर हंगामा करते हुए जेई धरने पर बैठ गए और हड़ताल की घोषणा कर दी। जेई का आरोप है कि एसडीओ बिजलीघर काउंटर पर नोट बदलवाने पहुंचे और वहां उन्हें देखकर अभद्रता करने लगे।
जेई ने इसका विरोध किया तो एसडीओ ने उनकी पिटाई कर दी। उधर, एसडीओ यशेंद्र कुमार ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्हें जेई को बकाया भुगतान न करने वालों के कनेक्शन काटने के लिए भेजा था।
इसकी जांच करने के लिए वह करीब 12 बजे बिजलीघर पहुंचे तो जेई से कनेक्शन काटने नहीं जाने की वजह पूछी। इस पर जेई ने उनके साथ अभद्रता की। वहीं, अधिशासी अभियंता पीके सिंह का कहना है कि मामले में की जांच की जा रही है।
हड़ताल से उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए भी व्यवस्था बनाई जा रही है।