शहर में जाम की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। जाम से यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। सोमवार को भी दिन निकलते ही जाम लग गया। चिलचिलाती धूप में दोपहर तक लोग जाम से जूझते रहे।
सोमवार सुबह तहसील चौराहे, मेरठ तिराहा, फ्री गंज रोड, दिल्ली रोड, बुलंदशहर रोड पर कोठी गेट तक जाम लग गया। जैसे जैसे दिन चढ़ा, वैसे ही जाम ने विकराल रूप धारण कर लिया। सुबह 11 बजे तक जाम से हालात विकट हो गए।
चौराहों पर तैनात पुलिस कर्मी भी जाम खुलवाने में पस्त हो गए। ऐसे में स्कूल जाने वाले बच्चों को खासा परेशानी हुई। वहीं आफिस के लिए निकले लोग भी टेंशन में दिखे। दोपहर बाद तक शहर इस जाम से जूझता रहा।
दोपहर को कड़ी धूप के कारण जाम में फंसे लोग बिलबिला उठे। यातायात प्रभारी योगेंद्र मलिक ने बताया कि वाहनों के दबाव से जाम लग रहा है। जाम से निजात दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अतिक्रमण हटाकर स्थिति में सुधार किया जाएगा।