नकली मावे की सूचना पर हाफिजपुर पुलिस ने दो लोगों को 40 किलो मावे के साथ दबोच लिया। सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मावे के दो नमूने लेकर लैब में भेजे हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह किसी ने हाफिजपुर पुलिस को सूचना दी कि गांव बड़ौदा सिहानी निवासी दो लोग नकली मावा लेकर हापुड़ के बाजार में बेचने के लिए जा रहे हैं।
शिकायत के आधार पर हाफिजपुर पुलिस ने दो अलग अलग बाइकों पर जा रहे बड़ौदा सिहानी निवासी दिलशाद और सलमान को पकड़ लिया। दोनों की बाइकों पर बीस बीस किलो मावा लदा था।
पुलिस ने मामले की सूचना खाद्य निरीक्षक सौरभ सोनी को दी। खाद्य निरीक्षक सौरभ सोनी ने मावे के दो नमूने लिये हैं। नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया। हालांकि इससे पहले बड़ी मात्रा में नकली मावा पकड़े जाने की सूचना पर हड़कंप की स्थिति रही।
खाद्य निरीक्षक सौरभ सोनी ने बताया कि पुलिस की सूचना पर यह कार्रवाई की गयी। मावे के नमूने जांच के लिए भेज दिये गए हैं।
रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, मावा ले जाने वाले दिलशाद व सलमान का कहना है कि उनका मावा पूरी तरह से सही है। नमूने की रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ हो जाएगी।