बंद होंगे बिना मान्यता के चल रहे स्कूल
- फोटो : demo pic
फीस, ड्रेस और कोर्स की आड़ में अभिभावकों के शोषण की शिकायतों पर शिक्षा महकमा पूरी तरह गंभीर हो गया है। इसके मद्देनजर विभाग से मान्यता प्राप्त न करने वाले स्कूल जल्द ही बंद कराए जाएंगे।
नया शिक्षण सत्र प्रारंभ होते ही बिना मान्यता वाले स्कूलों में दाखिला फीस, कोर्स और ड्रेस के नाम पर अभिभावकों का खुला शोषण शुरु हो गया है। इससे गरीब-मजदूर तबके के लोगों को निजी स्कूलों में अपने बच्चों को दाखिला दिला पाना एक सपने की तरह हो रहा है।
अवैध रूप से संचालित हो रहे स्कूलों में मनमानी वसूली की शिकायतें पूरी तरह आम हो रही हैं। इसके मद्देनजर शिक्षा महकमे ने बिना मान्यता वाले स्कूलों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है।
शासन के निर्देश पर बीएसए ने हापुड़ में मान्यता के बिना चलने वाले स्कूलों की सूची तैयार कर उन्हें बंद कराने की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश जारी किया है।एबीएसए पंकज अग्रवाल गढ़ और मुहम्मद राशिद सिंभावली ने बताया कि
गढ़-ब्रजघाट समेत गांवों में मान्यता के बिना संचालित हो रहे स्कूलों को चिन्ह्ति किया जा रहा है। इन्हें बहुत जल्द नोटिस भेजकर तत्काल मान्यता प्राप्त करने अथवा स्कूल बंद करने का निर्देश दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निर्देश का पालन न होने पर अवैध स्कूल संचालकों के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।