बिजली के नए शेड्यूल पर जताई आपत्ति
- फोटो : अमर उजाला
विद्युत निगम के नए शेड्यूल से उद्यती और आम आदमी की परेशानी बढ़ गई हैं। नए शेड्यूल में रात 11 बजे से दो घंटे की कटौती से लोगों को गर्मी और मच्छरों से परेशानी होगी। वहीं दिन में 10 बजे से दो घंटे की कटौती से उद्यमियों को नुकसान हो सकता है।
नए शेड्यूल पर उद्यमियों ने आपत्ति जताकर छह अप्रैल को अधिशासी अभियंता का घेराव करने की चेतावनी दी है। अब से पूर्व लखनऊ कंट्रोल से जारी शेड्यूल के अनुसार सुबह 6 से 8 बजे और शाम को भी 6 से 8 बजे तक कटौती की जाती थी।
इससे लोगों को परेशानी भी नहीं होती थी। शुक्रवार से नया शेड्यूल लागू हो गया है। नए शेड्यूल में भी कटौती चार घंटे होनी है, लेकिन अब रात में 11 बजे से एक बजे तक और दिन में सुबह 10-12 बजे तक कट लगेगा।
इस शेड्यूल से उद्यती और आम आदमी में गुस्सा है। उद्यमियों ने शेड्यूल को हटवाने के संबंध में बैठक कर अधिशासी अभियंता के घेराव की रणनीति भी तैयार कर ली है।
आईआईए के चैप्टर चैयरमेन अमन गुप्ता ने बताया कि छह अप्रैल को अधिशासी अभियंता का घेराव करेंगे। अधिशासी अभियंता चंदन प्रकाश ने बताया कि कंट्रोल से शेड्यूल लागू हुआ है।
विद्युत निगम ने बिजली का नया शेड्यूल बेशक एक अप्रैल से लागू किया गया हो, लेकिन बृहस्पतिवार रात शहर की बिजली दो घंटे तक गुल रही। इससे लोगों को गर्मी और मच्छरों के कारण परेशानी हुई।
बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े 11 बजे शहर की बिजली चली गई। लोगों ने बिजलीघर पर फोन किए, जहां से पता चला कि कंट्रोल से कटौती की गई है। करीब दो घंटे बाद बिजली आने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।